डिंडौरी। जिले की जनपद पंचायत मेंहदवानी अंतर्गत ग्राम पंचायत धमनी में वर्ष 2015 से 2021 के दौरान कराए गए विकास कार्यों और शासकीय राशि के व्यय को लेकर जांच की मांग की जा रही है। ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए पूर्व अवधि में कराए गए निर्माण कार्यों, सामग्री खरीदी, बिल-वाउचर, भुगतान अभिलेखों और पंचायत निधियों के उपयोग की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने की मांग की है। शिकायत में सूचना का अधिकार के तहत प्राप्त अभिलेखों का हवाला देते हुए साहू ट्रेडर्स और आरपी ट्रेडर्स के नाम पर किए गए भुगतानों की जांच कराने की भी मांग की गई है।
निर्माण कार्यों के भौतिक सत्यापन की मांग
शिकायतकर्ता सरपंच शकुन्तला मरावी ग्राम पंचायत धमनी ने मांग की है कि वर्ष 2015 से 2021 के दौरान स्वीकृत सभी विकास कार्यों का मौके पर भौतिक सत्यापन कराया जाए। जांच में यह देखा जाए कि अभिलेखों में जिन कार्यों को पूर्ण बताया गया है, वे वास्तव में पूरे हुए हैं या नहीं। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता, स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति और खर्च की गई राशि का वास्तविक कार्यों से मिलान कराया जाए। शिकायत में आशंका जताई गई है कि कुछ कार्यों की वास्तविक स्थिति और अभिलेखों में दर्ज जानकारी की जांच आवश्यक है।
साहू और आरपी ट्रेडर्स के भुगतानों पर गडबडी
आवेदन के अनुसार, वर्ष 2015 से 2018 के बीच साहू ट्रेडर्स के बिलों पर भुगतान किए जाने की जानकारी आरटीआई के माध्यम से प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता ने इन बिलों में ग्राम पंचायत का नाम अंकित नहीं होने की बात उठाते हुए सामग्री की वास्तविक आपूर्ति, बिलों की प्रमाणिकता और भुगतान की प्रक्रिया की जांच की मांग की है। वहीं, वर्ष 2018 से 2022 के बीच आर.पी. ट्रेडर्स के नाम पर किए गए भुगतानों की भी जांच कराने का अनुरोध किया गया है। आरोप लगाया गया है कि संबंधित फर्मों को किये गये भुगतान में गड़बड़ी साफ नजर आ रही है। जिससे आशंका जताई गई है कि किये गये भुगतान तत्कालीन सरपंच और सचिव के द्वारा नियम विरुद्ध किये गये हैं।
पंचायत निधियों और जीएसटी अभिलेखों की जांच की मांग
शिकायत में पंद्रहवें वित्त आयोग, पंच परमेश्वर मद और अन्य शासकीय योजनाओं से प्राप्त राशि के आवंटन एवं उपयोग की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही ऐसे बिलों का परीक्षण करने का अनुरोध किया गया है, जिनमें जीएसटी या अन्य आवश्यक कर संबंधी विवरण उपलब्ध नहीं होने की आशंका है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि यदि जांच में वित्तीय अनियमितता, नियम विरुद्ध भुगतान अथवा निर्माण कार्यों में गड़बड़ी प्रमाणित होती है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार वसूली और वैधानिक कार्रवाई की जाए।
जनपद अध्यक्ष पर दबाव और धमकी देने का आरोप
शिकायत में वर्तमान जनपद पंचायत अध्यक्ष मेंहदवानी पर ग्राम पंचायत में ठेकेदारी में काम दिए जाने के संबंध में वर्तमान सरपंच पर बार-बार दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने इस मामले की स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में जनपद अध्यक्ष का पक्ष सामने नहीं आया।









