डिंडौरी। जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झनकी में सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस चौकी प्रभारी के साथ मारपीट कर सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रकरण के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को ग्राम झनकी में सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर गोपालपुर चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अतुल हरदहा पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे थे। वहां एकत्रित भीड़ को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान आक्रोशित भीड़ के कुछ लोगों ने दुर्घटनाकारित ईको वाहन में आग लगा दी। वहीं, चौकी प्रभारी अतुल हरदहा के साथ मारपीट करते हुए उनके गले में पहनी सोने की चेन लूट ली गई।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ था मामला
घटना के बाद थाना करंजिया में अपराध क्रमांक 229/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान प्रकरण में धारा 309(4) भी बढ़ाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी द्वारा लगातार निगरानी की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
आरोपी के घर से बरामद हुई सोने की चेन
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एस. उसराठे के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक सुनील पटेल ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए 27 अक्टूबर को मुख्य आरोपी पिंटू उर्फ गणेश कुमार आर्मो (23 वर्ष), निवासी ग्राम परसवाह, थाना गाड़ासरई को पूछताछ के लिए तलब किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से लूटी गई सोने की चेन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया है।पुलिस की इस कार्रवाई से चौकी प्रभारी के साथ मारपीट एवं लूट की घटना में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।










