डिंडौरी। जिले के मेहंदवानी वन परिक्षेत्र अंतर्गत डोभी गांव में बुधवार सुबह जंगली हाथी ने खेत में काम कर रहे एक किसान पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में 55 वर्षीय किसान मंगल सिंह परस्ते घायल हो गए। हाथी ने किसान को उठाकर पटक दिया, जिससे उनके हाथ-पैर और कमर में चोटें आई हैं। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने तत्काल घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहंदवानी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हाथी की मौजूदगी के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
धान की फसल खा रहा था हाथी, अचानक किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डोभी निवासी गोपाल सिंह परस्ते बुधवार सुबह अपने मवेशियों को चरा रहे थे, जबकि उनके पिता मंगल सिंह परस्ते खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत में खड़ी धान की फसल को एक जंगली हाथी खा रहा था। किसान को हाथी की मौजूदगी का अंदाजा होने से पहले ही हाथी ने उन पर हमला कर दिया और पटक दिया। अचानक हुए हमले से किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। विभागीय टीम मौके पर पहुंची और घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया।
मंडला के जंगल से पहुंचा हाथी
शहपुरा एसडीओ सुनील अशोक के अनुसार, मंडला जिले के टिकरिया रेंज के जंगल से करीब दो दिन पहले एक हाथी मेहंदवानी क्षेत्र में पहुंचा है। हाथी की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने जंगल से लगे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया। विभागीय टीम दिन-रात गश्त कर हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, हाथी फिलहाल मंडला जिले की ओर जंगलों में जाता हुआ दिखाई दिया है।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
हाथी की मौजूदगी और किसान पर हुए हमले के बाद क्षेत्र में वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को सलाह दी जा रही है कि वे अकेले खेतों में न जाएं, हाथी के नजदीक पहुंचने या उसे भगाने का प्रयास न करें। विशेष रूप से धान की फसल वाले खेतों और जंगल से लगे इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर हाथी की दिशा और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। विभाग का प्रयास है कि हाथी की आवाजाही के दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।










