डिंडौरी।जिले के शहपुरा जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहनीमाल स्थित आंगनवाड़ी परिसर में लगे रतनजोत के पौधों के बीज खाने से दो बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को आंगनवाड़ी पहुंचे बच्चों ने परिसर में लगे रतनजोत के पौधों में लगे बीजों का सेवन कर लिया। इसके बाद जब बच्चे घर पहुंचे तो उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं।
बच्चों की हालत बिगड़ते देख परिजन घबरा गए और तत्काल निजी वाहन से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों की निगरानी में दोनों बच्चों का उपचार जारी है।
आंगनवाड़ी परिसर में पौधों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद आंगनवाड़ी परिसर में लगे रतनजोत के पौधों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। छोटे बच्चों को ऐसी जगहों पर जहरीले या स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक बीजों और पौधों से दूर रखना बेहद जरूरी है। परिसर में लगे पौधों की पहचान और सुरक्षा के इंतजामों की जांच की आवश्यकता है।घटना ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।










