डिंडौरी। जिले के धनुवासागर गांव में कब्रिस्तान तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से कब्रिस्तान तक रास्ता निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। स्थिति यह है कि 25 अक्टूबर 2026 को गांव में एक व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों को शव दफनाने के लिए डिंडौरी स्थित कब्रिस्तान ले जाना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव के कब्रिस्तान तक पहुंचने के लिए रास्ता उपलब्ध होता, तो उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
इस मामले को लेकर ग्राम धनुवासागर के ग्रामीणों ने कलेक्टर से षिकायत करते हुए समस्या के निराकरण और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में ग्रामीणों ने उल्लेख किया है कि कब्रिस्तान तक रास्ता बनवाने के लिए वे कई बार संबंधित जिम्मेदारों से निवेदन कर चुके हैं, लेकिन अब तक रास्ते का निर्माण नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कब्रिस्तान के नाम पर रास्ता निर्माण के लिए स्वीकृत राशि का सरपंच, सचिव और ठेकेदार नफीस कुरैशी द्वारा कथित तौर पर गबन किया गया है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि जब वे रास्ता निर्माण की मांग करते हैं, तो उन्हें धमकियां दी जाती हैं। आवेदन में पुलिस थाने में झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर फंसाने की कोशिश किए जाने आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की परिस्थितियों के कारण वे परेशान हैं और अपनी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं। कब्रिस्तान तक रास्ता नहीं होने से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील परिस्थिति में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधितों के विरूद्व कार्रवाई की जाये।









