डिंडोरी।वन क्षेत्र में जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार दोपहर ग्राम जगतपुर के समीप जंगल में लकड़ी काटने गए 31 वर्षीय युवक पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक की आंख, सिर और हाथ में चोटें आई हैं। घायल युवक की पहचान करंजिया ब्लॉक के ग्राम जोगीगवारा निवासी धर्मेन्द्र पंद्राम के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मेन्द्र पंद्राम रविवार दोपहर करीब एक बजे लकड़ी काटने के लिए ग्राम जगतपुर के पास स्थित जंगल गया था। इसी दौरान अचानक उसका सामना भालू से हो गया। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले से बचने के प्रयास में युवक के आंख, सिर और हाथ में चोटें आईं।
घटना के बाद घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करंजिया लाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। घायल की पत्नी लामिया से बातचीत के दौरान घटना की जानकारी सामने आई। सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी भी अस्पताल पहुंचे।फिलहाल घायल का उपचार जारी है। हालांकि वन विभाग की ओर से पीड़ित को मिलने वाली सहायता राशि, मुआवजे एवं आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। जंगल में भालू के हमले की इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।









