डिंडौरी। जिले के अमरपुर विकासखंड में निर्माणाधीन भपसा पहुंच मार्ग की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगभग 1.25 किलोमीटर लंबाई और 92.17 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस मार्ग के निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर क्षेत्रीय जनपद सदस्य भागवती मरावी एवं सुनील कुमार मरावी ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिया निर्माण में रेत के स्थान पर डस्ट का उपयोग किया जा रहा है और निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण में भी कार्य की प्रगति और तकनीकी व्यवस्था से जुड़ी कई खामियां सामने आई हैं। एसडीओ ने 30 अक्टूबर 2026 को कार्यपालन यंत्री, डिंडौरी को पत्र लिखकर निरीक्षण में पाई गई कमियों से अवगत कराया है। जनपद सदस्य सुनील कुमार मरावी के अनुसार, पुलिया निर्माण के दौरान मौके पर रेत के स्थान पर डस्ट और गिट्टी मिश्रित सामग्री का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत सामने आई थी। इस संबंध में मौके के फोटो और वीडियो भी होने का दावा किया गया है। उनका आरोप है कि शिकायत किए जाने के बाद निर्माण स्थल पर रेत लाई गई, जिससे प्रारंभिक निर्माण में उपयोग की गई सामग्री और कार्य की गुणवत्ता को लेकर संदेह उत्पन्न होता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुलिया जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन होना आवश्यक है, क्योंकि निर्माण में लापरवाही होने पर भविष्य में मार्ग की मजबूती और टिकाऊपन प्रभावित हो सकता है।
एसडीओ के निरीक्षण में सामने आईं कई खामियां
भपसा पहुंच मार्ग के निर्माण में लापरवाही की शिकायतों के बीच लोक निर्माण विभाग, उप संभाग शहपुरा के अनुविभागीय अधिकारी ने 29 अक्टूबर 2026 को स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को कार्यपालन यंत्री, डिंडौरी को निरीक्षण प्रतिवेदन भेजा गया। पत्र में उल्लेख किया गया कि किलोमीटर 1/2 में वन रो एचपी का कार्य निर्देशानुसार नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा ठेकेदार द्वारा निर्माण स्थल पर साइट इंजीनियर की नियुक्ति नहीं किए जाने की बात भी सामने आई। निरीक्षण के दौरान कार्य की गति काफी धीमी पाई गई और मौके पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। एसडीओ ने यह भी उल्लेख किया कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्य का लेवल सही नहीं किया गया और ठेकेदार द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है। निरीक्षण में सामने आई इन कमियों के आधार पर मूल्यांकन कर उचित कार्रवाई करने की अनुशंसा की गई है। विभागीय निरीक्षण में दर्ज खामियां इस बात की ओर संकेत करती हैं कि निर्माण कार्य की निगरानी और ठेकेदार की जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
लाखों की लागत से बन रहे मार्ग की हो गुणवत्ता की जांच
भपसा पहुंच मार्ग अमरपुर विकासखंड के ग्रामीणों के आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में 92.17 लाख रुपये की लागत से बन रहे मार्ग में गुणवत्ता संबंधी शिकायतें सामने आना चिंता का विषय है। ग्रामीणों और जनपद सदस्य ने मांग की है कि निर्माण कार्य में उपयोग की गई सामग्री की तकनीकी जांच कराई जाए तथा स्वीकृत प्राक्कलन, निर्धारित मानकों और कार्य की वास्तविक स्थिति का मिलान किया जाए। साथ ही यह भी जांच हो कि साइट इंजीनियर की नियुक्ति क्यों नहीं की गई और बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद लेवल सुधारने सहित अन्य कमियों को दूर क्यों नहीं किया गया।








