डिंडोरी।जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत श्रमिकों को लंबित मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए की गई कार्यवाही के परिणामस्वरूप वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की कुल 703.53 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान श्रमिकों के बैंक खातों में कर दिया गया है। इसमें वर्ष 2025-26 की 568.43 लाख रुपये तथा वर्ष 2026-27 की 135.10 लाख रुपये की मजदूरी शामिल है।
जनपद पंचायतवार भुगतान की स्थिति के अनुसार अमरपुर में 83.40 लाख रुपये, बजाग में 109.01 लाख रुपये, डिंडौरी में 121.18 लाख रुपये, करंजिया में 64.15 लाख रुपये, मेंहदवानी में 86.94 लाख रुपये, समनापुर में 119.72 लाख रुपये तथा शहपुरा में 119.13 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान किया गया है। इस प्रकार जिले के सभी सात जनपद पंचायतों में श्रमिकों को लंबित मजदूरी की राशि उपलब्ध कराई गई है।
वर्तमान में मनरेगा अंतर्गत वर्ष 2025-26 की 6.83 लाख रुपये तथा वर्ष 2026-27 की 7.24 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान लंबित है। संबंधित स्तर पर शेष भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करने के प्रयास जारी है।
इसी प्रकार वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी श्रमिकों को 725.42 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान किया जा चुका है। इससे ग्रामीण श्रमिकों को उनके श्रम का पारिश्रमिक सीधे बैंक खातों में प्राप्त हो रहा है तथा शेष भुगतान राशि दीपावली पर्व के पूर्व भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण करने का प्रयास जारी है।








