डिंडौरी। बजाग पुलिस ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को पकड़कर उसके कब्जे से लगभग 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की है, पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 को क्षेत्र भ्रमण के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। चालक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुन पिता प्रदीप कुमार कुशवाहा (20 वर्ष) निवासी कुम्हारपुर, काशीगांव, कानपुर नगर (हाल मुकाम सेक्टर-63, गौतमबुद्ध नगर, नोएडा, उत्तर प्रदेश) बताया।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखी दो बोरियों से 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके आगे सत्यम नामक व्यक्ति दूसरी मोटरसाइकिल से पायलटिंग कर रहा था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मादक पदार्थ छत्तीसगढ़ के कोंडा गांव से नोएडा (उत्तर प्रदेश) ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेंद्र सिंह, एसडीओपी विवेक गौतम के निर्देशन में थाना प्रभारी बजाग नरेंद्र पाल एवं पुलिस टीम ने की।









