17 जून से लापता था बालक, तलाश के दौरान जंगल में संदिग्ध हालत में मिला शव; पुलिस जांच में जुटी
डिंडौरी। जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तरेरा गांव में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। पांच वर्षीय बालक इमरान खान, जो 17 जून से लापता था, उसका शव सोमवार को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में कई टुकड़ों में मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार तरेरा निवासी इख्तियार खान 17 जून की सुबह लगभग चार बजे जंगल में लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान उनका पांच वर्षीय पुत्र इमरान खान भी घर से निकलकर जंगल की ओर चला गया। परिजनों को लगा कि बच्चा अपने पिता के साथ है, लेकिन जब इख्तियार खान घर लौटे और बेटे के बारे में पूछा, तब बालक के लापता होने का पता चला।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर आसपास और रिश्तेदारों के यहां बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर करंजिया थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जंगल और आसपास के गांवों में लगातार सर्च अभियान चलाया। सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चे की तलाश की जा रही थी।
सोमवार को सर्चिंग के दौरान गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में बालक का शव संदिग्ध हालत में कई टुकड़ों में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।









