डिंडोरी।जिले के दिव्यांगजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 29 नवंबर 2026 को जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल, बरगांव (शहपुरा) में विशाल दिव्यांग स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों का जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशु चौधरी ने निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। शिविर में पंजीयन के लिए 10 काउंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे दिव्यांगजनों को सुविधा मिल सके।
जिला पंचायत सीईओ श्री चौधरी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को शिविर में पहुंचाकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ दिलाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि कोई भी जरूरतमंद दिव्यांगजन स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से स्वयं भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान श्री चौधरी ने शिविर के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम शहपुरा श्री इरफान फरान जामदार, जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल के प्रकल्प प्रमुख श्री श्याम बनवाले सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से 29 नवंबर को शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार संबंधी सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।








