प्रचार-प्रसार के अभाव के आरोप, भीड़ जुटाने के लिए दुकानदारों, टैक्सी चालकों व छात्रावास के विद्यार्थियों को बुलाने की चर्चा,नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और शिकायतों के निराकरण को लेकर उठे सवाल
डिंडोरी। आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से आयोजित जन विश्वास सेवा सेतु अभियान का नगरीय शिविर अपेक्षित जनसहभागिता के अभाव में फीका नजर आया। शहपुरा के नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित शिविर में नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक के नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के निराकरण का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, नगरवासियों की कम उपस्थिति ने शिविर की तैयारियों और प्रचार-प्रसार व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
आमजन की कम मौजूदगी बनी चर्चा का विषय
शिविर में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी अपेक्षित उपस्थिति नहीं दिखाई देने की चर्चा रही। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा सामने आई कि भीड़ का माहौल बनाए रखने के लिए आसपास के दुकानदारों, टैक्सी चालकों तथा छात्रावास के विद्यार्थियों को बुलाकर शिविर में बैठाया गया। हालांकि, इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। यदि ऐसा हुआ है तो शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार और आम नागरिकों तक इसकी सूचना पहुंचाने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
15 वार्डों की जनता तक सूचना पहुंचाने की व्यवस्था पर सवाल
सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य नगर के सभी 15 वार्डों के पात्र नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर निराकरण कराना था। ऐसे में बड़ी संख्या में नगरवासियों की गैरमौजूदगी यह सवाल खड़ा करती है कि क्या शिविर की सूचना प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचाई गई थी?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से सड़क, नाली, पेयजल, सफाई सहित अनेक समस्याएं बनी हुई हैं। कई मामलों में शिकायतें किए जाने के बावजूद अपेक्षित निराकरण नहीं होने से लोगों में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी की स्थिति बनी हुई है। नागरिकों का कहना है कि जब स्थानीय स्तर की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं होता, तो सरकारी योजनाओं और शिविरों के माध्यम से समस्याओं के निराकरण को लेकर भी लोगों की अपेक्षाएं प्रभावित होती हैं।
सोशल मीडिया पर अपील, लेकिन शिविर में अनुपस्थिति चर्चा में
गौरतलब है कि क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से सेवा सेतु अभियान के शिविरों में पहुंचकर शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की अपील की जा रही थी। ऐसे में शहपुरा के नगरीय शिविर में उनकी अनुपस्थिति भी स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी। हालांकि, उनकी अनुपस्थिति के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना चुनौती
सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के लिए आयोजित शिविर तभी प्रभावी साबित हो सकते हैं, जब प्रचार-प्रसार, विभागीय समन्वय और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो। शहपुरा के नगरीय शिविर में कम जनउपस्थिति ने इन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं।
अब जरूरत इस बात की है कि नगर परिषद एवं संबंधित विभाग शिविर में छूटे पात्र हितग्राहियों और लंबित शिकायतों की जानकारी जुटाकर उनके निराकरण की दिशा में ठोस पहल करें, ताकि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य केवल शिविर तक सीमित न रहकर वास्तविक रूप से नगरवासियों तक पहुंच सके।









