Home Breaking E - Paper Video Join
होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

आयुष्मान कांड में आरोपियों को हाईकोर्ट से भी झटका, उमेश मिश्रा सहित सभी की जमानत खारिज,गवाहों को प्रभावित करने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका पर अदालत सख्त, जांच अभी जारी

Kashi Agrawal

डिंडौरी। आयुष्मान भारत योजना में कथित धोखाधड़ी के चर्चित मामले में आरोपियों को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिली। उमेश मिश्रा एवं अन्य आरोपियों की नियमित जमानत याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति मनिंदर एस. भट्टी की पीठ ने मामले की गंभीरता, जांच की स्थिति और ग्रामीण गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका को जमानत नामंजूर करने का प्रमुख आधार माना।

हाईकोर्ट में विविध आपराधिक मामला क्रमांक 55835/2026 के तहत जमानत आवेदन प्रस्तुत किया गया था। यह मामला शहपुरा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 624/2026 से संबंधित है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज है। सभी आवेदक 1 नवंबर 2026 से हिरासत में हैं।

बचाव पक्ष ने धोखाधड़ी के आरोपों पर उठाए सवाल

आरोपियों की ओर से अधिवक्ता संकल्प कोचर ने अदालत में दलील दी कि उनके मुवक्किलों को झूठा फंसाया गया है। एफआईआर में शासन को हुए किसी वास्तविक वित्तीय नुकसान, राशि की निकासी अथवा धोखाधड़ी से धन प्राप्त करने का स्पष्ट विवरण नहीं है। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि किसी ग्रामीण ने झूठे आश्वासन, इलाज से इनकार या पैसों की अवैध वसूली का आरोप नहीं लगाया है। आवेदकों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है और उन्हें लंबे समय तक हिरासत में रखना उचित नहीं होगा।

बिना अनुमति ग्रामीणों को जबलपुर ले जाने का आरोप

अभियोजन के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को तहसीलदार कार्यालय की प्रारंभिक जांच में पिपरिया माल और कौआझिर गांव के ग्रामीणों को सुख सागर मेडिकल कॉलेज, जबलपुर ले जाने का मामला सामने आया था। आरोप है कि अस्पताल से जुड़े होने का दावा करने वाले लोगों और एजेंटों ने जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अनुमति या अनुशंसा के बिना ग्रामीणों को मुफ्त इलाज और बेहतर सुविधाओं का प्रलोभन देकर अस्पताल पहुंचाया।

ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर शहपुरा द्वारा वाहनों में सवार ग्रामीणों की जांच की गई, जिसमें कोई भी गंभीर रूप से बीमार नहीं पाया गया। इसके बाद आशंका जताई गई कि ग्रामीणों के आयुष्मान भारत कार्ड का इस्तेमाल कर इलाज के नाम पर सरकारी योजना की राशि का अनुचित तरीके से दावा किया गया होगा। अभियोजन ने इसे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने का मामला बताया है।

ग्रामीण गवाहों की सुरक्षा को लेकर अदालत की चिंता

हाईकोर्ट ने आदेश में स्पष्ट किया कि मामले की जांच अभी जारी है और अपराध के महत्वपूर्ण पहलुओं की पड़ताल होना बाकी है। न्यायालय ने माना कि इस मामले के प्रमुख गवाह ग्रामीण हैं, जिन्हें प्रभावित या भयभीत किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। साथ ही महत्वपूर्ण साक्ष्यों से छेड़छाड़ की संभावना भी बनी हुई है।

न्यायालय ने जांच के वर्तमान चरण, आरोपों की प्रकृति एवं गंभीरता और जांच में संभावित हस्तक्षेप को ध्यान में रखते हुए आरोपियों को फिलहाल जमानत देने से इनकार कर दिया। इसी के साथ सभी आवेदकों का नियमित जमानत आवेदन खारिज कर दिया गया।हाईकोर्ट के इस फैसले से आयुष्मान योजना में कथित धोखाधड़ी के मामले ने एक बार फिर जिले में चर्चा तेज कर दी है। अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर इस पूरे मामले की आगे की दिशा निर्भर करेगी।

About Author
Kashi Agrawal
Kashi Agrawal

मैं काशी अग्रवाल हूँ, पिछले 17 वर्षों से मैं पेशेवर रूप से समाचार-आधारित सामग्री लिखने के लिए समर्पित हूँ। मीडिया भारत का महत्वपूर्ण अंग है,The Narmada Express इस अंग को और मजबूत बनाने के लिए सच को लेकर काम करता है हमारा उद्देश्य आप तक सिर्फ सच को समय पर पहुचाना है हम निडर और निष्पक्ष होकर काम करने मे विश्वास करते है The Narmada Express आमजन की समस्याओं को समाज के बीच प्रमुखता से रखता है।

Recommended
Right-clicking is disabled.