डिंडौरी। शहपुरा नगर परिषद क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुए विद्युत पोल को आखिरकार देर शाम हटा दिया गया है। उल्लेखनीय है कि डिवाइडर के पास अव्यवस्थित रूप से लगाए गए पोलों से लगातार हो रही दुर्घटनाओं और हाल ही में पोल क्षतिग्रस्त होने की घटना को नर्मदा एक्सप्रेस ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
समाचार प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग और नगर परिषद हरकत में आए तथा सड़क पर खतरा बने क्षतिग्रस्त पोल को हटाने की कार्रवाई की गई। पोल हटाए जाने से फिलहाल राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली है।
अन्य पोलों पर अब भी बना हुआ है खतरा
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल क्षतिग्रस्त पोल हटाना पर्याप्त नहीं है। मुख्य मार्ग पर अब भी कई स्थानों पर पोलों की स्थिति को लेकर सवाल बने हुए हैं। लोगों ने मांग की है कि सभी विद्युत पोलों का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना समाप्त हो सके।
जनहित के मुद्दे पर प्रशासन की सक्रियता
नगरवासियों ने जनहित से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए नर्मदा एक्सप्रेस की सराहना की है। लोगों का कहना है कि समाचार के बाद प्रशासन की सक्रियता से यह साबित हुआ है कि जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर समाधान संभव है। अब नागरिकों की निगाहें शेष अव्यवस्थित पोलों के सुधार कार्य पर टिकी हैं।









