डिंडौरी,।खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा उपार्जन के लिए किसान पंजीयन की प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित की गई है। धान के लिए किसान पंजीयन की 15 सितंबर 2026 से 10 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। जिले में किसानों की सुविधा के लिए डिंडौरी, शाहपुर, सरहरी, समनापुर, चांदरानी, कोकोमटा, चांदपुर, पिपरिया, बम्हनी, कुकर्रामठ, छांटा, सक्का, अमरपुर, भानपुर, शहपुरा, बरगांव, मानिकपुर, बिछिया, मेंहदवानी, कठौतिया, राई, बजाग, परसेल, गोरखपुर, करंजिया, गाड़ासरई और सुनपुरी सहित कुल 27 पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं।
जिले में अब तक इन पंजीयन केंद्रों पर 11,803 किसानों ने धान विक्रय के लिए पंजीयन कराया है। इनमें 7,009 पंजीयन सहकारी समितियों के माध्यम से तथा 4,770 पंजीयन CSC/MP ऑनलाइन केंद्रों के माध्यम से किए गए हैं। किसान पंजीयन में भूमि का खसरा, रकबा एवं बोई गई फसल की जानकारी एग्रीस्टैक डेटाबेस से ली जाएगी तथा संबंधित किसान के खसरे की ही जानकारी पंजीयन में दर्ज की जा सकेगी।
जिला प्रशासन ने धान की बोनी करने वाले सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 10 अक्टूबर 2026 तक अपनी सुविधानुसार समीपस्थ सहकारी समिति के पंजीयन केंद्र अथवा CSC/MP ऑनलाइन केंद्र पर पहुंचकर पंजीयन अवश्य कराएं और समर्थन मूल्य योजना का लाभ लें।
किसानों की पंजीयन संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए जिले में तकनीकी सेल एवं कंट्रोल रूम गठित किया गया है। प्रत्येक पंजीयन केंद्र पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिला स्तर पर खाद्य कार्यालय में संचालित कंट्रोल रूम में श्री उदय मरावी, कम्प्यूटर ऑपरेटर (जनपद डिंडौरी) मोबाइल 6264704077 तथा ’’श्री देवेन्द्र कुशराम, कम्प्यूटर ऑपरेटर (जनपद अमरपुर) मोबाइल 9630508315 को किसानों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के लिए दायित्व सौंपा गया है।









