डिंडौरी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत आज उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान डिंडौरी में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विशेष वर्चुअल संबोधन सुना। इसके साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन का लाइव उद्बोधन भी हुआ।
गांव-गांव के लिए रवाना हुई सेवा ज्योति यात्रा
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सेवा ज्योति यात्रा को गांव-गांव के लिए रवाना किया। यात्रा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं, हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों एवं विभिन्न विभागों की सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी
अभियान के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

सेवा, संकल्प और विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा डिंडौरी
शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवा, संकल्प और विकसित भारत के लक्ष्य के साथ डिंडौरी आगे बढ़ रहा है। सेवा ज्योति अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण नागरिकों को योजनाओं की जानकारी मिलने से पात्र लोगों को उनका लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। विधायक ने नागरिकों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, डीएफओ श्री अशोक कुमार सोलंकी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू ब्यौहार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरा रूद्रेश परस्ते, जनपद अध्यक्ष डिंडोरी श्रीमती आशा सिंह, जनपद पंचायत शहपुरा अध्यक्ष प्रियंका आर्मो,रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष श्री नरेंद्र राजपूत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।








