डिंडोरी। अखिल भारतीय तेली महासभा के जिला अध्यक्ष एडवोकेट दयाराम साहू की अध्यक्षता में बुधवार को शहपुरा में तैलिक साहू समाज के प्रमुखजनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े समाज के पदाधिकारी एवं सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष एडवोकेट दयाराम साहू ने आरोप लगाया कि जिले में भाजपा और कांग्रेस सहित प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा लंबे समय से साहू समाज की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनावों में साहू समाज की महत्वपूर्ण और निर्णायक भूमिका रहने के बावजूद संगठन एवं राजनीतिक पदों पर समाज को उसकी भागीदारी के अनुरूप प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है। हाल ही में विभिन्न राजनीतिक दलों में हुए संगठनात्मक नियुक्तियों में भी साहू समाज की अनदेखी की गई है, जिससे समाज में व्यापक असंतोष व्याप्त है।उन्होंने कहा कि इन सभी विषयों पर मंथन एवं भविष्य की रणनीति तय करने के लिए 9 अगस्त को विकासखंड शहपुरा के ग्राम बरगांव में तैलिक साहू समाज की जिला स्तरीय महापंचायत आयोजित की जाएगी। महापंचायत में समाज की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक सशक्तिकरण तथा आगामी रणनीति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक में समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों ने अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में शामिल होकर समाज की एकजुटता का परिचय देने का आह्वान किया।









