मुख्य मार्ग पर डिवाइडर में लगे पोल की स्थिति पर पहले भी उठ चुके थे सवाल, हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए प्रश्न
डिंडौरी। जिले के शहपुरा नगर परिषद क्षेत्र में मुख्य मार्ग के डिवाइडर पर लगाए गए विद्युत पोलों की अव्यवस्थित स्थापना एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। रविवार को एक वाहन सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गया, जिससे पोल जमीन पर गिर पड़ा। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर मौके से दूर भागे। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
गौरतलब है कि नगर परिषद द्वारा हाल ही में डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट परियोजना का शुभारंभ किया गया था। इसके पूर्व भी शहीद स्मारक सहित कई स्थानों पर पोलों के अव्यवस्थित तरीके से लगाए जाने को लेकर नागरिकों ने आपत्ति जताई थी और दुर्घटना की आशंका व्यक्त की थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ पोल सड़क की ओर बाहर निकले हुए है तथा यातायात के लिए जोखिमपूर्ण स्थिति में स्थापित किए गए हैं।
हादसे के बाद एक बार फिर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी विद्युत पोलों का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए तथा दुर्घटना की आशंका वाले पोलों को तत्काल व्यवस्थित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।









