Home Breaking E - Paper Video Join
होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

11 दिनों तक वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझती 2 वर्षीय अविज्ञा को जिला चिकित्सालय डिंडौरी में मिला नया जीवन

Kashi Agrawal

गंभीर कुपोषण और नाजुक स्वास्थ्य स्थिति के बीच चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के समर्पित प्रयासों से बच्ची स्वस्थ होकर लौटी घर, परिजनों ने जताया आभार

डिंडौरी।जिला चिकित्सालय डिंडौरी में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पित प्रयासों से गंभीर कुपोषण और अत्यंत नाजुक स्वास्थ्य स्थिति से जूझ रही 2 वर्षीय बालिका अविज्ञा को नया जीवन मिला है। लगातार 11 दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहने के बाद बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार हुआ और उसे स्वस्थ एवं स्थिर अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। यह सफलता जिला चिकित्सालय की बाल गहन चिकित्सा इकाई (PICU ) में उपलब्ध उपचार सुविधाओं, चिकित्सकीय दक्षता और स्वास्थ्य कर्मियों की सेवा भावना का प्रेरक उदाहरण है।

गंभीर स्थिति में जिला चिकित्सालय में कराया गया भर्ती

डिंडौरी नगर के वार्ड क्रमांक 15 निवासी श्री सुरेन्द्र छड़ीदार एवं श्रीमती पूनम छड़ीदार की 2 वर्षीय पुत्री अविज्ञा गंभीर कुपोषण एवं अत्यंत नाजुक स्वास्थ्य स्थिति से जूझ रही थी। पूर्व में बच्ची का उपचार मेडिकल कॉलेज जबलपुर में भी कराया गया था। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय डिंडौरी लेकर पहुंचे। बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बाल गहन चिकित्सा इकाई (PICU ) में भर्ती कर तत्काल उपचार प्रारंभ किया। बच्ची को वेंटिलेटर सपोर्ट की आवश्यकता को देखते हुए विशेष चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।

11 दिनों तक वेंटिलेटर पर रखकर किया गया उपचार

बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों एवं नर्सिंग ऑफिसर्स की टीम ने तत्काल उपचार प्रारंभ किया। अविज्ञा को लगातार 11 दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। इस दौरान चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ द्वारा 24 घंटे विशेष निगरानी और देखभाल की गई। उसे श्वसन संबंधी सहायता के साथ आवश्यक गहन चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। संक्रमण एवं अन्य संभावित जटिलताओं का प्रबंधन, आवश्यक जांच और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। साथ ही चिकित्सकीय निगरानी में पोषण पुनर्वास एवं उचित आहार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

चिकित्सकों के प्रयासों से बच्ची ने दी बीमारी को मात

लगातार उपचार और विशेष देखभाल के परिणामस्वरूप 11 दिनों बाद बच्ची के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। चिकित्सकों के अथक प्रयासों से उसे सफलतापूर्वक वेंटिलेटर सपोर्ट से बाहर लाया गया। इसके बाद भी बच्ची को चिकित्सकीय निगरानी में रखकर उपचार जारी रखा गया। स्वास्थ्य में संतोषजनक सुधार एवं आवश्यक चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद बच्ची को स्वस्थ और स्थिर अवस्था में अस्पताल से छुट्टी प्रदान की गई। लंबे समय तक अपनी बच्ची के जीवन के लिए चिंतित रहे माता-पिता के लिए यह क्षण बड़ी राहत और खुशी लेकर आया। परिजनों ने बच्ची के सफल उपचार के लिए चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयास

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय डिंडौरी डॉ. रमेश मरावी एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज परस्ते के नेतृत्व में बच्ची का उपचार किया गया। चिकित्सकों, नर्सिंग ऑफिसर्स एवं PICUटीम के समन्वित प्रयासों से यह सफलता संभव हो सकी।

अविज्ञा की यह कहानी दर्शाती है कि गंभीर रूप से बीमार एवं कुपोषित बच्चों को समय पर उचित उपचार, वेंटिलेटर सुविधा, गहन चिकित्सा एवं पोषण पुनर्वास उपलब्ध कराकर उनके जीवन की रक्षा की जा सकती है। जिला चिकित्सालय डिंडौरी की यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता, चिकित्सकों के समर्पण और नर्सिंग स्टाफ की मानवीय सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। 11 दिनों तक जीवन के लिए संघर्ष करने वाली नन्ही अविज्ञा का स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटना पूरे परिवार के लिए नई उम्मीद और खुशियों की शुरुआत है।

About Author
Kashi Agrawal
Kashi Agrawal

मैं काशी अग्रवाल हूँ, पिछले 17 वर्षों से मैं पेशेवर रूप से समाचार-आधारित सामग्री लिखने के लिए समर्पित हूँ। मीडिया भारत का महत्वपूर्ण अंग है,The Narmada Express इस अंग को और मजबूत बनाने के लिए सच को लेकर काम करता है हमारा उद्देश्य आप तक सिर्फ सच को समय पर पहुचाना है हम निडर और निष्पक्ष होकर काम करने मे विश्वास करते है The Narmada Express आमजन की समस्याओं को समाज के बीच प्रमुखता से रखता है।

Right-clicking is disabled.