डिंडौरी। डिंडौरी जिले के शहपुरा में एसडीएम कार्यालय के पास स्थित चमर कुंडी कुटी परिसर के मंदिरों में कथित रूप से अज्ञात तत्वों द्वारा धार्मिक प्रतिमाओं के साथ छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले को लेकर हिंदू संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत रात्रि मंदिर परिसर में स्थित भगवान हनुमान जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही परिसर में स्थापित मां दुर्गा एवं मां सरस्वती की प्रतिमाओं के वस्त्र उतारे जाने की बात भी सामने आई है। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

घटना के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।
बताया जाता है कि चमर कुंडी कुटी परिसर स्थित मंदिर 100 वर्ष से अधिक पुराना है और क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं और मंदिर परिसर में हुई गतिविधियों की वास्तविक स्थिति क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।








