डिंडोरी। नगर परिषद शहपुरा के वार्ड क्रमांक 06 में पशु चिकित्सालय के पास सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का बुधवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष मुकेश साहू की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में पार्षद हरीश साहू,प्रभात झरिया सहित वार्डवासी मौजूद रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की लागत करीब पांच लाख रुपये है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद वार्डवासियों को आवागमन के साथ-साथ जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने कहा कि नगर के विभिन्न वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुंचे, यही नगर परिषद का उद्देश्य है।
नगर परिषद उपाध्यक्ष मुकेश साहू ने कहा कि वार्डवासियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सड़क एवं नाली निर्माण से क्षेत्र की व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी से कार्य को निर्धारित मापदंड एवं गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने की बात कही।भूमिपूजन कार्यक्रम में वार्डवासी एवं नगर परिषद से जुड़े लोग उपस्थित रहे।








