डिंडौरी। नवरात्रि पर्व को देखते हुए नगर परिषद डिंडौरी के नेता प्रतिपक्ष ज्योतिरादित्य भलावी ने नप अध्यक्ष सहित मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर नगर की विभिन्न व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। पत्र में उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर समय रहते व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।
मुख्य मार्गों और दुर्गोत्सव पंडालों की सफाई की मांग
पत्र में नगर के मुख्य मार्गों सहित सभी दुर्गोत्सव पंडालों के आसपास नियमित एवं निरंतर सफाई कराने की मांग की गई है। साथ ही प्रत्येक वार्ड में मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने की बात कही गई है।
जर्जर डिवाइडरों की मरम्मत कराने की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने नगर के मुख्य मार्गों पर जर्जर पड़े डिवाइडरों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान नगर में आवाजाही बढ़ने से सड़कों की स्थिति दुरुस्त रहना जरूरी है।
खुली नालियों और गंदगी पर ध्यान देने की मांग
सभी वार्डों में खुली नालियों से होने वाली गंदगी की नियमित सफाई कराने तथा नल की टोंटियों पर विशेष ध्यान देने की मांग की गई है। पत्र में कहा गया है कि नवरात्रि के दौरान महिलाओं को पूजा-अर्चना के लिए समय से जाना पड़ता है, इसलिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
आवास की किस्त जारी करने का मुद्दा भी उठाया
पत्र में बीएलसी आवास की लंबित किस्तों का मुद्दा भी उठाया गया है। इसमें कहा गया है कि लंबे समय से किस्त नहीं मिलने के कारण लोग परेशान हैं। नवरात्रि के पवित्र पर्व को देखते हुए पात्र हितग्राहियों की राशि समय पर जारी कराने की मांग की गई है।नवरात्रि पर्व के अवसर पर एएचपी आवास के हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग भी पत्र में की गई है।
सड़कों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत की मांग
भारत माता चौक से पीडब्ल्यूडी रोड की ओर जाने वाले मार्ग में प्रशानी जी की दुकान के सामने बने बड़े गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 5 सिविल लाइन में काली जी के पंडाल के पास अमित सोनी के मकान के सामने सड़क के गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग की गई है।
पुरानी डिंडौरी के पांच वार्डों की नालियां साफ कराने की मांग
पत्र के माध्यम से पुरानी डिंडौरी के पांच वार्डों में सड़कों की नालियों की मरम्मत एवं साफ-सफाई कराने की मांग भी की गई है।नेता प्रतिपक्ष ज्योतिरादित्य भलावी ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि नवरात्रि पर्व शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और नगरवासियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।









