डिंडौरी। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई इस बार नई पहल के साथ आयोजित की गई। अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों को पहली बार स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही आवेदकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसे ग्रामीणों ने सराहनीय पहल बताया।
जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 20 आवेदकों का एक्स-रे किया, जबकि 50 से अधिक लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर परीक्षण और ब्लड सैंपल कलेक्शन किया गया। वहीं, करीब 85 आवेदकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रशासन को सौंपे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को प्रकरण भेजते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
ग्रामीण बोले— एक साथ दो सुविधाओं का मिला लाभ
जनसुनवाई में पहुंचे नयेगांव पोंडी मॉल निवासी डीमन सिंह उइके ने कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर कलेक्ट्रेट आते हैं। ऐसे में यदि यहीं स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी मिल जाए तो समय और खर्च दोनों की बचत होती है तथा कई बीमारियों की शुरुआती पहचान भी हो सकती है। उन्होंने इसे प्रशासन की सराहनीय पहल बताया।
कलेक्टर ने बताया उद्देश्य
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि जनसुनवाई में बड़ी संख्या में दूरस्थ क्षेत्रों से ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। कई लोग आर्थिक या अन्य कारणों से समय पर अस्पताल नहीं जा पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए जनसुनवाई के साथ स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा शुरू की गई है, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर प्रशासनिक सहायता के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का भी लाभ मिल सके।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों का निराकरण करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाना भी है। यदि यह पहल प्रभावी साबित होती है तो भविष्य में भी जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था जारी रखने पर विचार किया जाएगा।







