85.97 प्रतिशत अंक के साथ मिला ‘ए’ ग्रेड, जून माह की ग्रेडिंग में बनाई जगह,320 में से 289 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण, चार वर्षों से लगातार बेहतर प्रदर्शन
डिंडोरी। लोक सेवा प्रबंधन विभाग, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जून 2026 माह की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की मासिक ग्रेडिंग जारी की गई है। इसमें डिंडोरी पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के द्वितीय समूह में 9वां स्थान प्राप्त किया है। जिले को 85.97 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए, जिसके आधार पर ‘ए’ ग्रेड प्रदान किया गया।
जारी ग्रेडिंग के अनुसार जून माह में जिले में 320 शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज हुईं, जिनमें से 289 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण किया गया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन का श्रेय पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेंद्र सिंह सहित जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय कार्यप्रणाली को दिया जा रहा है।
एसपी कार्यालय में सुनवाई के बाद होता है समाधान
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के शिकायत शाखा के प्रभारी सउनि बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि जून माह में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण किया गया। उन्होंने बताया कि जिन मामलों में शिकायतकर्ता थाना या चौकी स्तर की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होते, उन्हें पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देश पर एसपी कार्यालय में बुलाकर स्वयं सुना जाता है। इसके बाद शिकायत शाखा के माध्यम से नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाता है।
वरिष्ठ अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग का मिला लाभ
उन्होंने बताया कि शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के लिए पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा धर्मेंद्र सिंह समय-समय पर अनुविभागीय अधिकारियों तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हैं। वरिष्ठ अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग के चलते मैदानी स्तर पर भी शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जा रहा है।
चार वर्षों से लगातार बेहतर प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि शिकायत शाखा प्रभारी सउनि बृजेश त्रिपाठी द्वारा सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारित किया जाता है। इसी का परिणाम है कि डिंडोरी पुलिस पिछले चार वर्षों से लगातार प्रदेश स्तरीय सीएम हेल्पलाइन मासिक ग्रेडिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उच्च स्थान प्राप्त कर रही है। इस उपलब्धि के लिए शिकायत शाखा एवं पूरी पुलिस टीम बधाई की पात्र है।









