डिंडौरी। शहपुरा नगर पंचायत क्षेत्र में नगर के सौंदर्यीकरण एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निर्मित डिवाइडर पर स्थापित स्ट्रीट लाइटों का शुभारंभ मंगलवार शाम को किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी ऐश्वर्य वर्मा, नगर पंचायत अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल तथा नगर पंचायत के पार्षदगण सहित भाजपा जिला उपाध्यक्ष ज्ञानदीप त्रिपाठी,वरिष्ठ भाजपा नेता कमल अग्रवाल सहित अन्य जन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का शुभारंभ किया। नगर पंचायत द्वारा मुख्य मार्ग पर निर्मित डिवाइडर के साथ आकर्षक स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं, जिससे रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित होने के साथ-साथ नगर की सुंदरता में भी वृद्धि होगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शहपुरा नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए परिषद लगातार कार्य कर रही है। डिवाइडर एवं स्ट्रीट लाइट की यह सौगात नगरवासियों के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि रात्रि में बेहतर प्रकाश व्यवस्था से दुर्घटनाओं में कमी आएगी, नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा नगर की सुंदरता में भी चार चांद लगेंगे। उन्होंने नगरवासियों से सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण एवं नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए नगर पंचायत को बधाई दी। स्ट्रीट लाइट प्रारंभ होने से मुख्य मार्ग पर रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी और राहगीरों को सुविधा मिलेगी।









