डिंडोरी। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक धुर्वे ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर स्वच्छता बनाए रखने तथा ईसीजी (ECG) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और अस्पताल में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।









