डिंडोरी। जिले के फुलवाही घाट में शुक्रवार सुबह एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार एक महिला की मौत हो गई और 20 से अधिक ग्रामीण घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन भेड़ाघाट से मेहंदवानी थाना क्षेत्र के ग्राम भलवारा लौट रहा था। फुलवाही घाट उतरते समय चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते वाहन सड़क पर पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही शहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए मेहंदवानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। बताया जा रहा है कि वाहन में 30 से अधिक ग्रामीण सवार थे। सभी ग्रामीण भलवारा क्षेत्र के निवासी हैं और भेड़ाघाट में फसल कटाई एवं मजदूरी का कार्य कर वापस अपने गांव लौट रहे थे।

दुर्घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा घायलों का उपचार जारी है।









