डिंडौरी। जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत संग्रामपुर में वार्ड पंचों ने सरपंच सचिव पर मनमानी का आरोप लगाये हैं। वार्ड पंचों ने सरपंच सचिव के विरुद्ध मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। वार्ड पंचों ने की गई शिकायत में उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत संग्रामपुर में स्कूल भवन प्रांगण में पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य जारी है इस कार्य की स्वीकृति लेने के लिए ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा फर्जी प्रस्ताव तैयार किया गया है
नियमानुसार आयोजित ग्राम सभा के दौरान वार्ड पंचों और ग्रामीणों की मौजूदगी में प्रस्ताव कार्रवाई आहूत की जाती है लेकिन सरपंच सचिव द्वारा वार्ड पंचों को बगैर जानकारी दिये प्रस्ताव पारित कर लिया है। आरोप लगाया गया है कि कराये जा रहे कार्य में भंडार क्रय नियमों का पालन नहीं किया गया है और बगैर वार्ड पंचों की सहमति के अपने चहेते सप्लायर वीरेन्द्र तिवारी से मनमाने तरीके से कार्य कराया जा रहा है। बतलाया गया कि ठेकेदार द्वारा स्थानीय श्रमिकों से कार्य नहीं कराया जा रहा है बल्कि बाहर से मजदूर लाकर इस कार्य को किया जा रहा है जिससे स्थानीय मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा है जो शासन के दिषा निर्देषों के विपरीत है। आरोप लगाया गया कि उक्त कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता एवं दरों को लेकर भी गंभीर अनियमितता बरतने की आशंका है। जिससे शासकीय धन के दुरुपयोग की संभावना बनी हुई है वार्ड पंचों द्वारा मांग की गई है कि कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी पाये जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा जांच कार्रवाई तक कार्य पर पूर्णता रोक लगाई जाये। साथ ही भुगतान भी नहीं किया जाये। शिकायतकर्ता में उपसरपंच सहित पंच विद्या बाई, विषंभर सिंह, देववती, रमेश, सरला बाई, और संदीप शामिल हैं।











