डिंडोरी | जिले की प्रमुख नगर परिषद शहपुरा में मुख्य मार्ग पर लगभग 75 लाख रुपये की लागत से चल रहे डिवाइडर निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कार्य शुरू होते ही गुणवत्ता में लापरवाही के वीडियो सामने आने के बाद अब क्रॉसिंग (कट) न छोड़ने को लेकर मनमानी के आरोप लगे हैं।

पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राजेश गुप्ता, वार्ड क्रमांक–1 के पार्षद तथा स्थानीय नागरिकों ने SDM शहपुरा को लिखित शिकायत सौंपकर मांग की है कि डिवाइडर निर्माण में जहां-जहां क्रॉसिंग आवश्यक है, वहां स्पष्ट रूप से कट छोड़े जाएं। शिकायत में विशेष तौर पर बस स्टैंड से शहीद स्मारक के बीच क्रॉसिंग न छोड़े जाने पर आपत्ति दर्ज कराई गई है, जबकि इस हिस्से में बैंक व विद्यालय स्थित हैं, जिससे आमजन की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद SDM के निर्देश पर तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
वहीं शिकायतकर्ताओं का कहना है कि निर्माण के प्राक्कलन (एस्टिमेट) में ही क्रॉसिंग के लिए चिह्नित स्थलों का उल्लेख नहीं है, जो योजना स्तर पर लापरवाही को दर्शाता है। नागरिकों ने मांग की है कि यातायात, स्कूल-बैंक जैसी सार्वजनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उचित स्थानों पर तत्काल क्रॉसिंग बनाई जाए, ताकि दुर्घटनाओं और असुविधा से बचा जा सके।नगर में अब निगाहें प्रशासन के अंतिम निर्णय और निर्माण कार्य में सुधारात्मक कार्रवाई पर टिकी हैं।











