डिंडोरी।शहपुरा नगर परिषद द्वारा लगाए गए साइन बोर्ड को लेकर कथित भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। आम आदमी पार्टी ने इस पूरे प्रकरण में अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए बड़ा खुलासा किया है।
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार साइन बोर्ड लगाने के नाम पर शासन के धन का दुरुपयोग किया गया है। इस मुद्दे को लेकर आयोजित बैठक एवं निरीक्षण के दौरान आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट निर्मल कुमार साहू ने कहा कि नगर परिषद द्वारा लगाए गए साइन बोर्ड की गुणवत्ता बेहद खराब है, जबकि इसके लिए भारी राशि का भुगतान किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे कार्य में पारदर्शिता का अभाव रहा है और ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की अनदेखी की गई है। वहीं जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट विनय कुमार झारिया ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि जनता के टैक्स के पैसों का इस प्रकार दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया प्रभारी शारदा नामदेव ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति करती है।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से पूरे साइन बोर्ड प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।










