डिंडोरी। जिले में रविवार को हुई तेज बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर रहे। इसी दौरान शहपुरा-मंडला मार्ग पर बिछिया में महानदी के पुल के ऊपर पानी बहने के बावजूद एक यात्री बस को चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक पुल से निकालने का मामला सामने आया था। मामले को नर्मदा एक्सप्रेस ने प्रमुखता से प्रसारित किया, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बस चालक और कंडक्टर के विरुद्ध मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है।
बिछिया पुलिस चौकी में बस चालक संतोष झारिया और कंडक्टर आकाश के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281, 125, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 सहित आदेश की अवहेलना करने पर धारा 179 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित बस को भी जब्त कर लिया है।
कलेक्टर-एसपी की अपील को किया दरकिनार
गौरतलब है कि रविवार को जिले में लगातार बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक द्वारा आमजन से सतर्कता बरतने तथा जलभराव वाले पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की गई थी। इसके बावजूद बस चालक ने सुरक्षा को नजरअंदाज करते हुए उफनती महानदी के पुल को पार करने का प्रयास किया।पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद बस के निकलने का वीडियो/दृश्य सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया था। इस लापरवाही से बस में सवार यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।
परिवहन विभाग ने भी जारी किया नोटिस
मामले में अब जिला परिवहन कार्यालय भी सक्रिय हो गया है। परिवहन विभाग ने बस मालिक यशवंत चौकसे को नोटिस जारी कर बस से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग द्वारा उपलब्ध जानकारी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खबर के बाद प्रशासन ने दिखाई सख्ती
उफनते पुल पर बस दौड़ाने के मामले में कार्रवाई होने के बाद प्रशासन की सख्ती सामने आई है। बारिश के दौरान नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों को सावधानी बरतने की अपील कर रहा है। ऐसे में प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी कर यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।








