बिछिया में प्रशासन की अपील बेअसर, उफनाते पुल से गुजर गई यात्री बस
डिंडौरी। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। हालात को देखते हुए कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार लोगों से नदी-नालों और पुल-पुलियों पर पानी का बहाव अधिक होने की स्थिति में जोखिम न लेने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद शहपुरा-मंडला मार्ग पर बिछिया के पास महानदी के उफनाते पुल को एक बस चालक ने लापरवाहीपूर्वक पार कर दिया।
बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ने से पुल पर पानी का तेज बहाव दिखाई दे रहा था। ऐसे हालात में बस का उफनते पुल से गुजरना गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि पानी का बहाव अचानक बढ़ जाता या बस का संतुलन बिगड़ता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि बस चालक ने प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा अपील और बारिश के दौरान नदी-पुलों पर सावधानी बरतने की हिदायत को नजरअंदाज करते हुए बस को पानी के बीच से निकाल दिया। बस के पुल पार करने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उफनती महानदी के बीच से बस गुजरती नजर आ रही है।
लगातार बारिश के बीच जिले में कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। बस जैसे बड़े यात्री वाहन द्वारा उफनते पुल को पार करना चालक की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है, अब सवाल यह है कि उफनती नदी के पुल को पार करने वाली इस बस के खिलाफ जिम्मेदार विभाग द्वारा क्या कार्रवाई की जाएगी? प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों में सख्ती बरतना जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान लापरवाही के कारण किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।








