डिंडोरी।जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम चंदवाही में युवाओं के बीच राजनीतिक जागरूकता देखने को मिली, जब बड़ी संख्या में युवाओं ने आम आदमी पार्टी (AAP) की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान गांव में उत्साह का माहौल रहा और युवाओं ने एकजुट होकर बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने गांव की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विशेष रूप से “जल जीवन मिशन” के तहत पेयजल व्यवस्था को लेकर असंतोष व्यक्त किया गया। युवाओं का कहना है कि योजना लागू होने के बावजूद गांव में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
युवाओं ने बताया कि आम आदमी पार्टी की नीतियां आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देती हैं, इसी विश्वास के साथ उन्होंने पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर यह भी कहा गया कि आने वाले समय में गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा। युवाओं ने एक स्वर में विकास, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने की बात कही।कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट निर्मल कुमार साहू, जिला सचिव भूता साहू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











