डिंडोरी। जिला मुख्यालय में संचालित दो रेस्टॉरेंट में गंदगी और अमानक स्तर के खाद्य पदार्थ पाये जाने पर खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ता ने बडी कार्रवाई करते हुये दोनों रेस्टॉरेंट का लायसेंस और रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है, इसके साथ ही आगामी आदेश तक प्रतिष्ठानों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। टीम ने एक राईस मिल के विरुद्ध भी कार्रवाई की है। बतलाया गया है कि सात्विक भोग और थम्स कैप कैफे में अनिमितता बरती जा रहीं थीं और स्वच्छता मानकों को हासिये पर रख कर संचालन किया जा रहा था। जिसके मद्देनजर लायसेंस और रजिस्ट्रेशन निलंबित किया है। जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा उड़न दस्ता द्वारा सोमवार को जिले में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था। इसी कड़ी में भोपाल एवं डिंडोरी के फ्लाइंग स्कॉट टीम ने जिला मुख्यालय में संचालित रेस्टोरेंट सात्विक भोग एवं थम्स कैप कैफे का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण में भारी अनियमितता पाई गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पाया कि रेस्टोरेंट की रसोई में अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन और खाद्य पदार्थों का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान पाया गया कि खाद्य पदार्थों का भंडारण भी सही तरीके से नहीं किया गया। टीम ने दोनों प्रतिष्ठान में टूटे-फूटे फर्श एवं दीवारों में गंदगी पाई, खाद्य पदार्थ मानक गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए गए। हैरत की बात यह रही कि कई खाद्य सामग्री मानव उपभोग हेतु अनुप्रयुक्त पाई गई। जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई। निरीक्षण दल ने ऐसी परिस्थितियों में निर्मित खाद्य सामग्री के सेवन से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई है। जो मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक होने की आशंका के चलते तत्काल कार्रवाई की गई एवं सात्विक भोग रेस्टोरेंट एवं थम्स कैप कैफे का लाइसेंस एवं रजिस्ट्रेशन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वही कोहका स्थित मां नर्मदा राइस मिल मे भी निरीक्षण के दौरान मिल में भारी अनियमितता एवं गंदगी पाई गई। वहीं मौके पर रखें फोर्टिफिकेशन हेतु फोर्टिफाइड राइस की बोरियां पर पक्षियों के मल पाए गए। उक्त परिसर में अस्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों का अभाव होने के कारण अभिहित अधिकारी और सीएमएचओ मनोज पांडे द्वारा मां नर्मदा राइस मिल का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही खाद्य प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि जब तक सभी कमियों को दूर कर निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जाता तब तक खाद्य सेवाएं संचालित नहीं की जाएगी। कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे एवं मोहम्मद वाजिद अली, बृजेश विश्वकर्मा एवं प्रभा सिंह टेकाम खाद्य सुरक्षा अधिकारी जिला डिंडोरी शामिल रहे।











