डिंडोरी। जिले के शहपुरा नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत मुख्य मार्ग पर चल रहे डिवाइडर निर्माण में लगातार बरती जा रही लापरवाही को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। एसडीएम शहपुरा अक्षय डिगरसे ने गत दिवस मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और नगर परिषद सीएमओ एवं निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार की कड़ी क्लास लगाई।गौरतलब है कि मुख्य मार्ग पर डिवाइडर निर्माण के चलते यहां रोजाना जाम की स्थिति बन रही है, लेकिन इसके बावजूद न तो कोई सांकेतिक चिन्ह, न डायवर्सन बोर्ड और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।इससे पूर्व 20 फरवरी 2026 को भी अनुविभागीय अधिकारी शहपुरा द्वारा नगर परिषद अधिकारी एवं ठेकेदार को नोटिस जारी कर स्पष्ट चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद आज तक नोटिस की खुली अवहेलना करते हुए कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।शनिवार को एसडीएम शहपुरा ने स्वयं मुख्य मार्ग पर पहुंचकर डिवाइडर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और नाराजगी जाहिर करते हुए अंतिम चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण स्थल पर स्पष्ट व बड़े सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएं,मार्ग डायवर्सन की पूरी व्यवस्था तत्काल की जाए बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेत व अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं
व्यवस्था सुधारने रविवार तक का समय
एसडीएम ने दो टूक कहा कि यदि रविवार तक सभी सुरक्षा व्यवस्था पूरी नहीं की गई और इस दौरान कोई भी दुर्घटना होती है, तो इसके लिए नगर परिषद शहपुरा एवं संबंधित ठेकेदार पूरी तरह जिम्मेदार होंगे, और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस सख्ती के बाद अब सवाल यह है कि क्या नगर परिषद और ठेकेदार चेतावनी को गंभीरता से लेंगे या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेंगे।











