डिंडौरी।जिले के शहपुरा अंतर्गत करौंदी-बाकी क्षेत्र में विगत कुछ दिनों से बाघ एवं उसके शावक के विचरण की खबरें सामने आ रही थीं। इस दौरान वन विभाग द्वारा सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कई स्थानों पर बाघ के पगमार्क भी पाए गए थे।इसी क्रम में बीती रात शहपुरा निवासी एक नागरिक को शारदा टेकरी के पीछे के क्षेत्र में रात्रि लगभग 11 बजे बाघ दिखाई दिया। नागरिक ने साहस दिखाते हुए बाघ की तस्वीर अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सामने आई है। यह क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी का पहला प्रत्यक्ष प्रमाण माना जा रहा है।
बाघ एवं शावक की मौजूदगी से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं अब यह बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है कि वन विभाग कब पूरी तरह सक्रिय होकर क्षेत्र में विचरण कर रहे बाघ और उसके शावक को सुरक्षित रूप से पकड़ने अथवा जंगल की ओर भेजने की ठोस कार्रवाई करेगा।
फिलहाल क्षेत्रवासी वन विभाग से शीघ्र और प्रभावी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।











