डिंडोरी।कोतवाली पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 नग मवेशियों से भरी एक डाला बॉडी गाड़ी को जब्त किया है। यह कार्रवाई 22 फरवरी 2026 को ग्राम इमलाई पहाड़ी के पास की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक डाला बॉडी वाहन में अवैध रूप से मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर इमलाई से जबलपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वाहन क्रमांक MP 20 XB 5439 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर वाहन के पास मौजूद व्यक्ति सहजाद कुरैशी (26 वर्ष) निवासी शास्त्री वार्ड, शेल्टर हाउस रोड, टेकर ग्राम जबलपुर को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में वाहन चालक का नाम रिजवान खान (लगभग 27 वर्ष) निवासी दोहई बताया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 23 नग भैंस/पड़ा अमानवीय तरीके से ठूंसे हुए पाए गए। आरोपियों द्वारा मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित निकालकर कांजी हाउस भेजा, जहां उनके चारा, पानी एवं उपचार की व्यवस्था की गई। पशु चिकित्सक द्वारा मवेशियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।इस मामले में पुलिस ने धारा 94 बी.एन.एस.एस., मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 1959, एवं पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।











