डिण्डौरी। जिले के शहपुरा क्षेत्र अंतर्गत बिलगढ़ा जलाशय क्षेत्र में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण के दौरान सामने आए अवैध विस्फोट के मामले में आज बड़ी कार्रवाई की गई। पूर्व में शहपुरा पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद बम निरोधक दस्ता बालाघाट (BDS) की टीम मौके पर पहुंची।
बीडीएस टीम ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए क्षेत्र को घेराबंदी कर खाली कराया और जमीन में दबे अवैध विस्फोटकों को नियंत्रित ब्लास्ट के माध्यम से मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि तेज धमाके से कुछ समय के लिए आसपास के इलाके में दहशत का माहौल रहा।
पुलिस व प्रशासन के अनुसार, बिना वैधानिक अनुमति विस्फोटक सामग्री का उपयोग गंभीर अपराध है। मामले में यह जांच की जा रही है कि विस्फोटक कहां से लाए गए, किसके निर्देश पर उपयोग किए गए और इसमें ठेकेदार कंपनी व संबंधित जिम्मेदारों की क्या भूमिका रही। प्रशासन ने आगे दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।











