डिंडौरी | एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा द्वारा मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में दो वर्ष से लंबित बंटवारा प्रकरणों का त्वरित समाधान कराया गया। जनसुनवाई के दौरान ग्राम जिमरा रैयत निवासी विरुल बाई पिता दादूराम एवं शहपुरा निवासी राधा बाई पिता हजारी लाल द्वारा लंबित बंटवारा प्रकरणों के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए गए थे।
प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम श्री वर्मा ने तहसीलदार शहपुरा को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप मौके पर ही दोनों प्रकरणों का समाधान सुनिश्चित किया गया। समाधान होने पर आवेदकों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि एसडीएम कार्यालय शहपुरा में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निराकरण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया जाता है। इसी क्रम में आज 20 जनवरी 2026 को प्राप्त कुल 13 आवेदनों को निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।











