डिंडौरी–शहपुरा–जबलपुर मार्ग के अंतर्गत नगर शहपुरा क्षेत्र में चल रहे डिवाइडर निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) शहपुरा ने सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में 20 फरवरी 2026 को एसडीएम कार्यालय शहपुरा द्वारा नगर परिषद शहपुरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं संबंधित ठेकेदार को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
एसडीएम द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद नगर परिषद शहपुरा द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन डिवाइडर कार्य में कई गंभीर खामियां पाई गई हैं। पत्र के अनुसार—निर्माणाधीन डिवाइडर स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त साधन/साइन बोर्ड नहीं लगाए गए हैं।कार्य स्थल पर निर्माण सामग्री बिखरी हुई पाई गई है।यातायात संचालन के लिए आवश्यक डायवर्जन एवं बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है।निर्माण स्थल पर चेतावनी संकेतक (रिफ्लेक्टर/सिग्नल) नहीं लगाए जाने से रात्रि में दुर्घटना की प्रबल संभावना बनी हुई है।पत्र में यह भी उल्लेख है कि उक्त लापरवाही के कारण आम नागरिकों की जान-माल को खतरा उत्पन्न हो रहा है तथा सड़क दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।एसडीएम शहपुरा ने निर्देशित किया है कि 22 फरवरी 2026 तक सभी कमियों में सुधार सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा निर्माणाधीन डिवाइडर कार्य पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।











