डिंडोरी। जिले के शहपुरा जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत रयपुरा के पोषक ग्राम लालपुर में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अवसंरचना मद(विधायक निधि) से स्वीकृत लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित की जा रही सीसी सड़क में भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के महज दो घंटे के भीतर ही सड़क में कई स्थानों पर दरारें आ जाने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसडीएम से करते हुए निर्माण कार्य की तकनीकी जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक के भूमिपूजन के बाद निर्माण पर सवाल
ग्रामीणों के अनुसार, उक्त सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन ओमप्रकाश धुर्वे (विधायक, शहपुरा) द्वारा किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क अल्प समय में ही क्षतिग्रस्त हो गई।
मजदूरों की जगह मशीन से कराया गया कार्य
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के जिम्मेदारों ने स्थानीय मजदूरों को कार्य देने के बजाय एक ठेकेदार के माध्यम से मशीन (फ्यूरी) लगाकर एक ही रात में सड़क निर्माण करा दिया। इससे जहां मजदूरों को रोजगार नहीं मिला, वहीं गुणवत्ता भी प्रभावित हुई।
स्टीमेट के मानकों का उल्लंघन
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की मोटाई 8 इंच निर्धारित थी, जबकि मौके पर मात्र 2 से 3 इंच मोटाई पाई गई। साथ ही स्टीमेट में उल्लेखित अर्थवर्क भी नहीं कराया गया। निर्माण में कथित लापरवाही के कारण सड़क कई स्थानों से दरक गई है।
एसडीएम ने दिया जांच का आश्वासन
प्राप्त जानकारी अनुसार ग्रामीणों ने सड़क की तस्वीरें एवं शिकायत पत्र व्हाट्सएप के माध्यम से एसडीएम को भेजे हैं। एसडीएम ने दूरभाष पर हुई चर्चा में मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच एवं गुणवत्तापूर्ण पुनः निर्माण की मांग की है।










